SECL DAV में ‘द्रोणाचार्य संगम शिक्षक सम्मान समारोह’, राज्यपाल रमेन डेका ने उत्कृष्ट शिक्षकों को किया सम्मानित

Advertisement
Advertisement

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

शिक्षकों के समर्पण और योगदान को मिला सम्मान, राज्यपाल ने विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन का दिया संदेश

बिलासपुर। एसईसीएल डीएवी विद्यालय बिलासपुर में ‘द्रोणाचार्य संगम शिक्षक सम्मान समारोह’ का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह के दौरान एसईसीएल के विभिन्न संचालन क्षेत्रों में संचालित डीएवी विद्यालयों के उत्कृष्ट शिक्षकों को उनके समर्पण, सेवाभाव और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को किया नमन

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के द्वितीय राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने उनके शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धापूर्वक नमन किया।

सफलता के लिए मेहनत और अनुशासन जरूरी : राज्यपाल

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि विद्यार्थी जीवन व्यक्ति के व्यक्तित्व और भविष्य के निर्माण का महत्वपूर्ण समय होता है। इस दौरान शिक्षकों से मिलने वाली सीख का प्रभाव जीवनभर बना रहता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए किसी शॉर्टकट पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। निरंतर मेहनत, लगन और अनुशासन ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आलस्य और काम को टालने की आदत से दूर रहने तथा जीवनभर नई चीजें सीखते रहने का आह्वान किया।

समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी समझने का संदेश

राज्यपाल ने विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की भी प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को केवल यह सोचने तक सीमित नहीं रहना चाहिए कि समाज और देश ने उसे क्या दिया, बल्कि यह विचार करना चाहिए कि वह समाज और राष्ट्र के लिए अपना क्या योगदान दे सकता है।

प्रशासन और SECL के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

समारोह में बिलासपुर संभागायुक्त श्री सुनील जैन, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह, एसईसीएल निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा एसईसीएल डीएवी बिलासपुर के प्राचार्य श्री के. पार्थिपन, डीएवी बिलासपुर क्षेत्र की क्षेत्रीय सहायक अधिकारी श्रीमती मौलिका मुखर्जी, एसईसीएल डीएवी कोरबा की प्राचार्य श्रीमती सुचित्रा शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं प्रबुद्धजन समारोह में शामिल हुए।

उत्कृष्ट शिक्षकों के योगदान को मिला सम्मान

समारोह का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करना और उनके समर्पण को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए शिक्षा को समाज निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला बताया गया।

Advertisement
Share This Article