शिक्षक दिवस पर स्कूलों में गुरुजनों का सम्मान, साक्षरता रैली से दिया शिक्षा का संदेश

Advertisement

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में शिक्षक दिवस के साथ ULLAS अभियान की गतिविधियां

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों का सम्मान कर आशीर्वाद लिया। वहीं ULLAS-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत विद्यालयों से साक्षरता रैली भी निकाली गई।

पुष्पगुच्छ भेंट कर शिक्षकों से लिया आशीर्वाद

शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों को पुष्पगुच्छ भेंट किए और उनका आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के बाद छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने गांवों का भ्रमण करते हुए लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया।

‘जन-जन साक्षर, नव भारत साक्षर’ का दिया संदेश

साक्षरता रैली के दौरान “जन-जन साक्षर, नव भारत साक्षर” का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने ग्रामीणों से अपने परिवार के असाक्षर सदस्यों को पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करने की अपील की। रैली का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक शिक्षा और साक्षरता का संदेश पहुंचाना रहा।

1 से 15 सितंबर तक चल रहा साक्षरता पखवाड़ा

जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने बताया कि साक्षरता पखवाड़ा 1 से 15 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिले के विद्यालयों में प्रतिदिन साक्षरता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां कराई जा रही हैं। पखवाड़े के पांचवें दिन शिक्षक दिवस के अवसर पर साक्षरता रैली आयोजित कर एक साथ गुरु सम्मान और शिक्षा के प्रसार का संदेश दिया गया।

तय समय-सारणी के अनुसार हो रहे कार्यक्रम

ULLAS के नोडल अधिकारी मुकेश कोरी एवं आलोक शुक्ला ने बताया कि अभियान के तहत VTS और शिक्षक मिलकर साक्षरता पखवाड़े की गतिविधियों में सहभागिता कर रहे हैं। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार जिले के विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

Share This Article