ऑपरेशन प्रहार: स्कूटी से शराब की अवैध बिक्री कर रहे दो तस्कर गिरफ्तार, 36 पाव जब्त

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

अरपा बैराज पचरी घाट के पास पुलिस की दबिश, 6.480 बल्क लीटर देशी शराब और स्कूटी जब्त; दोनों आरोपी जेल भेजे गए

बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी स्कूटी में देशी शराब रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहे थे और अवैध रूप से शराब बेचने की गतिविधि में शामिल थे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 36 पाव देशी प्लेन शराब, कुल 6.480 बल्क लीटर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3,100 रुपये बताई गई है, बरामद की। शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा अवैध नशीले पदार्थों और शराब के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान 5 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि अरपा बैराज पचरी घाट के पास दो युवक स्कूटी क्रमांक CG 10 BV 1079 में बड़ी मात्रा में देशी शराब रखकर घूम रहे हैं।

सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पचरी घाट पर घेराबंदी, दोनों युवक पकड़े गए

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक देवेश सिंह राठौर ने टीम गठित कर मौके पर दबिश दी।

पुलिस ने घेराबंदी कर स्कूटी सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान 19 वर्षीय समीर यादव और 26 वर्षीय राज कुमार यादव, दोनों निवासी तिफरा, राम मंदिर के पीछे वाली गली, सिरगिट्टी के रूप में हुई।

स्कूटी की तलाशी में मिली 36 पाव शराब

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में स्कूटी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसमें से 36 पाव देशी प्लेन मदिरा बरामद हुई। शराब रखने और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या परमिट आरोपियों के पास नहीं मिला।

पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त कर लिया।

आबकारी अधिनियम के तहत गैर-जमानती मामला दर्ज

मामले में सिटी कोतवाली थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया।

न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया

ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई जारी

पुलिस ने कहा है कि शहर में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सार्वजनिक स्थानों, गलियों और अन्य क्षेत्रों में अवैध रूप से नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement
Share This Article