अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
तोरवा और तारबहार पुलिस के लिए बना हुआ था फरार, सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिली अहम सुराग
बिलासपुर। शहर में धारदार हथियारों के साथ दहशत फैलाने और चाकूबाजी की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में तोरवा पुलिस ने वैशाली अपार्टमेंट में हुए विवाद और चाकूबाजी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 22 वर्षीय गुलशन हण्डलेश्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ तोरवा के साथ-साथ तारबहार थाने में भी गंभीर प्रकरण दर्ज है।
वैशाली अपार्टमेंट में हुआ था विवाद
मामला 29 अगस्त का है। तोरवा थाना क्षेत्र स्थित वैशाली अपार्टमेंट में कुछ युवकों के बीच गाली-गलौज के बाद विवाद बढ़ गया था। देखते ही देखते धारदार हथियार निकल आए और खुलेआम चाकू लहराए जाने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। मामले में 30 अगस्त को पुलिस ने वरुण और अमन हठगेन को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी थी पुलिस
घटना के बाद एनी कॉलोनी निवासी गुलशन हण्डलेश्कर फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। इसी दौरान पुलिस को उसके संबंध में अहम जानकारी मिली। इसके आधार पर घेराबंदी करते हुए 4 सितंबर को पुलिस ने गुलशन को गिरफ्तार कर लिया।
तारबहार थाने में भी दर्ज है मामला
पुलिस रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि गुलशन हण्डलेश्कर के खिलाफ तारबहार थाने में भी अपराध क्रमांक 306/2026 दर्ज है। इस प्रकरण में उसके खिलाफ मारपीट और जानलेवा हमला सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है और वह इसमें भी फरार चल रहा था।
तोरवा पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद तारबहार पुलिस ने भी संबंधित मामले में आरोपी की औपचारिक गिरफ्तारी दर्ज की है।
आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई
गुलशन के खिलाफ तोरवा थाने में अपराध क्रमांक 465/2026 और 469/2026 दर्ज हैं। इन मामलों में बलवा, गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी सहित भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई की गई है।
अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि शहर में चाकूबाजी और हथियारों के जरिए दहशत फैलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। तोरवा पुलिस इन प्रकरणों से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।




