खपरगंज बवाल में पुलिस का बड़ा एक्शन, चार और आरोपी गिरफ्तार; अब तक 26 पहुंचा आंकड़ा

Advertisement
Advertisement

रिपोर्टर : अभिषेक कुमार पाण्डेय

नेहरू चौक से जिला अदालत तक कड़ी सुरक्षा में कराया गया पेश, ड्रोन और सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान

बिलासपुर। खपरगंज में हुए उपद्रव और आगजनी के मामले में बिलासपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने शनिवार को चार और आरोपियों—अक्षय सिंह, अभय शर्मा, मोहनीश गोस्वामी और सतानंद साहू—को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इनकी गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक पकड़े गए आरोपियों की संख्या 26 हो गई है।

चार आरोपियों को कड़ी सुरक्षा में कोर्ट ले गई पुलिस

गिरफ्तारी के बाद चारों आरोपियों को नेहरू चौक से जिला अदालत तक भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पैदल ले जाया गया। इस दौरान एएसपी और सीएसपी स्तर के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात किया गया था।

त्योहार की रात बिगड़ा था माहौल

पुलिस के अनुसार, रक्षाबंधन की रात खपरगंज क्षेत्र में विवाद के बाद स्थिति बिगड़ गई थी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया और आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस और लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा। इस दौरान कई लोग घायल हुए और पुलिसकर्मियों पर भी हमले की स्थिति बनी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। बाहरी जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई।

सीसीटीवी और ड्रोन फुटेज से आरोपियों की पहचान

पुलिस अब घटना से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के साथ ड्रोन से प्राप्त फुटेज को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का दावा है कि फुटेज के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

50 से अधिक लोगों पर दर्ज है मामला

पुलिस के मुताबिक, खपरगंज मामले में दोनों पक्षों के 50 से अधिक लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा सहित विभिन्न गंभीर और गैर-जमानती धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी

मामले में फरार बताए जा रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस रिकॉर्ड में मुख्य आरोपियों में शामिल रामसिंह और उसके साथियों की तलाश भी जारी है।

पुलिस ने दिया सख्त कार्रवाई का संकेत

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर की शांति और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खपरगंज प्रकरण में गिरफ्तारियों का सिलसिला आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।

Advertisement
Share This Article