सदस्यता विस्तार के साथ नई मेडिकल शॉप और महाविद्यालयों में रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय
बिलासपुर, 4 सितंबर 2026। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बिलासपुर की प्रबंध कार्यकारिणी समिति की बैठक कलेक्टर एवं रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में रेडक्रॉस कार्यालय, नूतन चौक, सरकंडा में आयोजित हुई। बैठक में नेपाल में आई आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए आर्थिक सहयोग जुटाने सहित रेडक्रॉस की सदस्यता बढ़ाने, नई मेडिकल शॉप शुरू करने और रक्तदान शिविर आयोजित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
नेपाल के बाढ़ पीड़ितों के लिए चलेगा सहायता अभियान
बैठक में नेपाल में आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए बिलासपुर से सहायता राशि एकत्रित करने का निर्णय लिया गया। कलेक्टर की अनुमति के बाद इसके लिए 10 दलों का गठन किया गया है।
ये दल शहर के प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर लोगों से सहयोग राशि एकत्र करेंगे। अभियान के माध्यम से जुटाई गई राशि भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की राज्य शाखा रायपुर को भेजी जाएगी, ताकि इसे आपदा प्रभावित लोगों की सहायता के लिए उपयोग किया जा सके।
9 सितंबर से अभियान की शुरुआत
कलेक्टर एवं रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष संजय अग्रवाल स्वयं 9 सितंबर को कलेक्टर कार्यालय में सदस्यों के साथ सहायता राशि एकत्रित करेंगे। इसी के साथ नेपाल आपदा पीड़ितों के लिए चलाए जाने वाले सहयोग अभियान की औपचारिक शुरुआत होगी।
रेडक्रॉस की सदस्यता बढ़ाने का लक्ष्य
बैठक में संस्था के सदस्यता अभियान को भी गति देने का निर्णय लिया गया। सितंबर माह के अंत तक 25 संरक्षक सदस्य, 50 उप संरक्षक सदस्य और 500 आजीवन सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रबंध कार्यकारिणी समिति के सभी सदस्यों को संरक्षक सदस्य बनाया जाएगा। वहीं प्रत्येक प्रबंध समिति सदस्य को 20-20 आजीवन सदस्य बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्वयं 25 हजार रुपये की राशि देकर रेडक्रॉस सोसायटी के संरक्षक सदस्य बनने की घोषणा की। इसके अलावा विभिन्न विभागों में 10-10 आजीवन सदस्य बनाने का लक्ष्य भी तय किया गया है।
अपोलो चौक में खुलेगी नई मेडिकल शॉप
बैठक में लिंगियाडीह स्थित अपोलो चौक में प्रस्तावित नई रेडक्रॉस मेडिकल शॉप के उद्घाटन पर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि 25 सितंबर से पहले मेडिकल शॉप का उद्घाटन कर लिया जाएगा।
वहीं खपरगंज स्थित रेडक्रॉस दुकान से जुड़े आवश्यक मामलों के निराकरण के लिए कलेक्टर एवं अध्यक्ष की अनुमति से सुनील सोनथलिया और सुरेंद्र गुम्बर को अधिकृत किया गया है।
महाविद्यालयों में लगेंगे रक्तदान शिविर
युवाओं को रक्तदान से जोड़ने और रक्त की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले के सभी महाविद्यालयों में रक्तदान शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इसके लिए संबंधित संस्थानों के साथ समन्वय कर शिविर आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में ये सदस्य रहे उपस्थित
बैठक में रेडक्रॉस प्रबंध समिति के चेयरमैन डॉ. बी.एल. गोयल, प्रमोद शर्मा, अमरजीत सिंह दुआ, बृजेंद्र शुक्ला, डॉ. शुभा गरेवाल, डॉ. एम.ए. जीवानी, सुनील सोनथलिया, डॉ. राजीव अवस्थी, सुरेंद्र गुम्बर, श्रीकांत सहारे, जिला समन्वयक सौरभ सक्सेना, आदित्य पाण्डेय, लक्ष्मी नारायण मिश्रा, मनीष मिश्रा, सुशील राजपूत, अभिषेक कुमार पाण्डेय, गीतेश्वरी चंद्रा, पूजा कैवर्त, नेहा राय एवं प्रीति चंद्रा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़


