बस्ती में राहगीरों को धमकाने का आरोप, पुलिस ने घेराबंदी कर धारदार तलवार की जब्त
बिलासपुर/पचपेड़ी। सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर लोगों में भय पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पचपेड़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बस्ती में खुलेआम धारदार तलवार लेकर घूम रहा था और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा था।
तलवार लेकर घूमने की मिली सूचना
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के निर्देश पर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और उपद्रवियों पर निगरानी बढ़ाई गई है।
इसी दौरान 2 सितंबर 2026 को पचपेड़ी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पचपेड़ी की बस्ती में एक युवक हाथ में तलवार लेकर घूम रहा है। वह राहगीरों को धमकाकर इलाके में भय का माहौल पैदा कर रहा है।
घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान रोहित पाटले (21 वर्ष), पिता जगनू पाटले, निवासी पचपेड़ी, थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार तलवार बरामद कर जब्त कर ली।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 262/2026 दर्ज करते हुए धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
हथियार लेकर घूमने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, लोगों को डराने-धमकाने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की ओर से क्षेत्र में ऐसे लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने की बात कही गई है।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़


