त्योहारों से पहले रायगढ़ पुलिस का सख्त एक्शन, 58 गुंडा-निगरानी बदमाशों की कराई सामूहिक पेशी

Advertisement
Advertisement

रायगढ़। आगामी जन्माष्टमी, झूला उत्सव और चक्रधर समारोह को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे लोगों पर निगरानी बढ़ा दी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने मंगलवार सुबह विशेष अभियान चलाकर गुंडा, निगरानी बदमाश, सजायाफ्ता और संदिग्ध व्यक्तियों को उनके घरों से थाने लाकर सामूहिक रूप से हाजिर कराया।

घर-घर दबिश देकर थाने लाए गए बदमाश: कोतवाली, चक्रधरनगर और जूटमिल थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों के साथ रिजर्व पुलिस लाइन के बल ने सुबह से दबिश दी। नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में चक्रधरनगर थाना परिसर में इन व्यक्तियों की सामूहिक पेशी कराई गई।

रोजगार और आय के स्रोत की ली जानकारी: पुलिस अधिकारियों ने हाजिर कराए गए लोगों से उनके वर्तमान रोजगार, जीवन-यापन और आय के स्रोत की जानकारी ली। साथ ही पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और पूर्व के विवादों को लेकर उन्हें सख्त हिदायत दी गई कि वे किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहें और वैध तरीके से जीवन-यापन करें।

हर महीने थाने में देनी होगी हाजिरी: पुलिस ने निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करते हुए संबंधित लोगों को अब नियमित रूप से हर महीने थाने में हाजिरी देने और अपने जीवन-यापन के स्रोत की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। पुलिस के मुताबिक, इसका उद्देश्य अपराध की पुनरावृत्ति रोकना और आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।

58 गुंडा और निगरानी बदमाश कराए गए हाजिर: अभियान के दौरान कोतवाली क्षेत्र के 16, चक्रधरनगर क्षेत्र के 23 और जूटमिल क्षेत्र के 19 गुंडा/निगरानी बदमाशों सहित कुल 58 लोगों को हाजिर कराया गया। जो निगरानी बदमाश क्षेत्र से बाहर या जेल में हैं, उनकी भी लगातार तस्दीक करने के निर्देश थाना प्रभारियों को दिए गए हैं।

अपराध से दूर रहने की चेतावनी: पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जन्माष्टमी, झूला उत्सव और चक्रधर समारोह के दौरान हुड़दंग, विवाद, नशाखोरी अथवा किसी अन्य अवैध गतिविधि में शामिल पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुराने रिकॉर्ड वाले लोगों को अपराध छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने की भी समझाइश दी गई।

एसएसपी का सख्त संदेश: एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ में कानून-व्यवस्था और शांति से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस असामाजिक और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि शहर की शांति भंग करने या कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Share This Article