आपसी रंजिश के विवाद को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश पर पुलिस की नजर, सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट की निगरानी तेज
विशेष रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर बिलासपुर, छत्तीसगढ़
बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए विवाद और हंगामे के बाद पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार घटना दो पक्षों के बीच आपसी विवाद और रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना को सांप्रदायिक रूप देने या अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग अपराध दर्ज
मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 488/2026 में आठ तथा अपराध क्रमांक 489/2026 में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कुल 11 आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अपराध क्रमांक 488/2026 में गिरफ्तार आरोपी:
- मौला बक्स उर्फ जुब्बू (37), निवासी खपरगंज, सिटी कोतवाली
- शेख अजरूद्दीन उर्फ अज्जू (25), निवासी तैबा चौक, तालापारा
- मोहम्मद जाहिद खान (45), निवासी खपरगंज
- सफीक अहमद उर्फ राजा खान (31), निवासी खपरगंज
- शकीर उर्फ सोनू (24), निवासी जूनी लाइन, संतोष भवन के पास
- मोहम्मद लाईक (37), निवासी खपरगंज
- रेहान अली उर्फ ईरानी (19), निवासी जबड़ापारा, सरकंडा
- मो. जुनैद (21), निवासी खपरगंज मेन चौक
अपराध क्रमांक 489/2026 में गिरफ्तार आरोपी:
- राजू यादव उर्फ नान (30), निवासी कुंदरापारा, दुर्गा मंदिर के पास, सिरगिट्टी
- राकेश यादव उर्फ रिंकू (24), निवासी कुंदरापारा, दुर्गा मंदिर के पास, सिरगिट्टी
- छत्रपाल साहू (25), निवासी डबरीपारा, साइंस कॉलेज के सामने, सरकंडा
विवाद को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश पर नजर
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में घटना को दो पक्षों के बीच आपसी विवाद से जुड़ा पाया गया है। घटना के बाद सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से इसे अलग रूप देने की कोशिशों की भी पुलिस जांच कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी घटना के संबंध में बिना पुष्टि जानकारी साझा करने या अफवाह फैलाने से स्थिति बिगड़ सकती है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित कर शहर की शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
घटना के बाद शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने जवानों को कानून-व्यवस्था पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस की नागरिकों से अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और किसी विवाद से जुड़ी अपुष्ट जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। पुलिस का कहना है कि शहर में शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।




