वाड्रफनगर में देर रात हुआ हादसा, टक्कर के बाद बोलेरो के उड़े परखच्चे; पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बनारस रोड स्थित पुराने नर्सरी के पास मजदूरों से भरी बस और बोलेरो वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बोलेरो सवार कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। वहीं बस में सवार कुछ मजदूरों को भी चोटें आई हैं।
दुद्धी से हैदराबाद जा रहे थे मजदूर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में सवार मजदूर उत्तर प्रदेश के दुद्धी से तेलंगाना के हैदराबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाड्रफनगर के पुराने नर्सरी के पास बस और बोलेरो के बीच टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
डायल 112 और पुलिस टीम ने किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए वाड्रफनगर सिविल अस्पताल भेजा।
कई घायलों की हालत गंभीर
हादसे में बोलेरो सवार कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। बस में सवार मजदूरों को भी चोटें लगी हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
फिलहाल हादसा किस वजह से हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।




