नेपाल बाढ़ में भारतीयों के लापता होने से चिंता, मंत्री राजेश अग्रवाल ने विदेश मंत्रालय से किया संपर्क

Advertisement
Advertisement

अंबिकापुर की डॉ. मीना गुप्ता की सुरक्षित वापसी के लिए भारतीय दूतावास से समन्वय का प्रयास

अंबिकापुर, 30 अगस्त। नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर ने चिंता बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि 288 से अधिक भारतीय नागरिकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। इनमें अंबिकापुर निवासी डॉ. मीना गुप्ता भी शामिल हैं। डॉ. मीना गुप्ता वरिष्ठ नेता कर्ताराम गुप्ता की बेटी हैं और ब्रिटेन में चिकित्सक के रूप में कार्यरत हैं।

डॉ. मीना की सुरक्षित वापसी के लिए प्रयास तेज

छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने डॉ. मीना गुप्ता की स्थिति को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में उनके परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। मंत्री के अनुसार डॉ. मीना की जानकारी जुटाने और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए नेपाल स्थित भारतीय दूतावास तथा संबंधित अधिकारियों से समन्वय किया जा रहा है।

विदेश मंत्रालय से भी साधा संपर्क

मंत्री राजेश अग्रवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विदेश मंत्रालय से भी संपर्क किए जाने की जानकारी दी। मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराई गई ई-मेल आईडी डॉ. मीना के पिता कर्ताराम गुप्ता को उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से डॉ. मीना से जुड़ी आवश्यक जानकारी मंत्रालय तक पहुंचाई जा रही है, ताकि उनकी तलाश और सुरक्षित वापसी के प्रयासों में मदद मिल सके।

सभी लापता भारतीयों की सुरक्षा की कामना

मंत्री ने कहा कि नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बीच जिन भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर है, उनके परिवार बेहद कठिन दौर से गुजर रहे हैं। ऐसे समय में प्रशासनिक और राजनयिक स्तर पर उपलब्ध माध्यमों का इस्तेमाल कर आवश्यक जानकारी जुटाने तथा राहत एवं बचाव प्रयासों में सहयोग किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि डॉ. मीना गुप्ता सहित बाढ़ प्रभावित सभी भारतीय नागरिकों के सुरक्षित होने की उम्मीद है। उन्होंने सभी प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जल्द सकारात्मक खबर मिलने की कामना की।

पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहने का भरोसा

राजेश अग्रवाल ने नेपाल की बाढ़ से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार और संबंधित एजेंसियों के स्तर पर हरसंभव सहयोग किया जाना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राहत और बचाव अभियान के साथ लापता लोगों की तलाश में भी जल्द सफलता मिलेगी और सभी नागरिक सकुशल अपने परिजनों के बीच लौटेंगे।

Advertisement
Share This Article