मणिपुर थाना और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के दर्रीपारा में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में मणिपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में कुछ अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
पीड़ित ने दर्ज कराई शिकायत
पुलिस के मुताबिक दर्रीपारा निवासी गुरप्रीत सिंह सिद्धू ने 30 अगस्त को मणिपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 29 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे साहिल साहू, राजा साहू सहित अन्य लोग उनके साथ गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उनके साथ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाई।
शिकायत के अनुसार, घटना के दौरान पीड़ित की पत्नी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
शिकायत के आधार पर पुलिस ने साहिल साहू, सुनील साहू, अनिल चटर्जी उर्फ संजू, आयुष सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 151/26 दर्ज किया। मामले में बीएनएस की धारा 190, 191(2), 296, 351(3), 115(2), 333 और 109 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
चार आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पीड़ित और गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में साहिल साहू (22), आयुष बरला (19), सुनील साहू (47) और अनिल कुमार चटर्जी उर्फ संजू (55) शामिल हैं। सभी आरोपी दर्रीपारा, अंबिकापुर के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में मणिपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक नरीता सोरी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शशिकांत ठाकुर, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा सहित थाना और साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारियों की भूमिका रही।




