बीजापुर। जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर नक्सली डंप बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान जब्त करते हुए एक संदिग्ध नक्सली सदस्य को गिरफ्तार किया गया है।
पेगड़ापल्ली के जंगल में घेराबंदी कर पकड़ा
थाना बासागुड़ा और डीआरजी की संयुक्त टीम ने ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति बोगम लखमू (39 वर्ष), निवासी चिन्नागेलूर, थाना तर्रेम को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
नक्सली संगठन से जुड़ने की बात कबूली
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने पूर्व में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चिन्नागेलूर DAKMS सदस्य के रूप में कार्य करने तथा नक्सलियों की सामग्री और विस्फोटक छिपाने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की।
भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से ₹50,050 नगद, एक BGL लांचर, 18 BGL सेल, 12 तीर बम, एक हैंड ग्रेनेड, .303 के 15 जिंदा राउंड, 31 BGL कार्ट्रिज, एक INSAS खाली मैगजीन, बिजली वायर, तीन राउंड चार्जर और एक ईमीटर लीड बरामद किया गया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने बरामद सामग्री को विधिवत सीलबंद कर पंचनामा तैयार किया। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।




