रायपुर रेलवे स्टेशन के सामने सरकारी शराब दुकान में भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका

Advertisement
Advertisement

आधी रात धुआं उठता देख लोगों ने पुलिस को दी सूचना, कर्मचारियों और आबकारी अधिकारियों से संपर्क न होने का दावा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आधी रात रेलवे स्टेशन के सामने स्थित सरकारी शराब दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के होटलों में ठहरे लोगों को बाहर निकालकर होटल खाली कराए गए। घटना के बाद पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन दुकान खोलने में देरी के चलते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने दी सूचना

जानकारी के अनुसार, आधी रात के समय शराब दुकान से धुआं निकलता देखकर स्थानीय लोगों ने गंज थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बताया जा रहा है कि दुकान के कर्मचारियों और आबकारी विभाग के अधिकारियों से तत्काल संपर्क नहीं हो पाने के कारण पुलिस और दमकल की टीम काफी देर तक दुकान के बाहर खड़ी रही।

आग ने पूरी दुकान को लिया चपेट में

बाद में आबकारी अधिकारी और कर्मचारियों के मौके पर पहुंचने के बाद दुकान को खोला गया। तब तक आग ने दुकान के अंदर मौजूद सामान को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था। दुकान में रखी सरकारी अंग्रेजी शराब जलकर बर्बाद होने की बात सामने आई है।

प्लास्टिक बोतलों के पिघलने से बढ़ा नुकसान

बताया जा रहा है कि नए सिस्टम के तहत शराब प्लास्टिक की बोतलों में आती है। आग की तेज गर्मी के कारण दुकान में रखी शराब की बोतलें भी पिघल गईं। इससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन आबकारी विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं

आग किन परिस्थितियों में लगी, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। दमकलकर्मी अलसुबह तक आग बुझाने में जुटे रहे। घटना के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन जांच के बाद सामने आने की संभावना है।

Advertisement
Share This Article