बिलासपुर, 26 अगस्त 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और बिलासपुर से दक्षिण भारत के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बिलासपुर–यलहंका (बेंगलुरु)–बिलासपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस (18261/18262) का नियमित परिचालन आज 26 अगस्त से शुरू हो गया।
शिक्षा, रोजगार और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
रेलवे के अनुसार इस साप्ताहिक ट्रेन के संचालन से बिलासपुर और दक्षिण भारत के बीच आवागमन आसान होगा। बेंगलुरु जैसे प्रमुख आईटी और औद्योगिक केंद्र से बिलासपुर क्षेत्र का सीधा रेल संपर्क मजबूत होने से शिक्षा, रोजगार, व्यापार, उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे दोनों क्षेत्रों के बीच सामाजिक एवं आर्थिक संपर्क भी बेहतर होगा।
हर बुधवार चलेगी बिलासपुर–यलहंका ट्रेन
गाड़ी संख्या 18261 बिलासपुर–यलहंका साप्ताहिक एक्सप्रेस 26 अगस्त 2026 से प्रत्येक बुधवार को बिलासपुर से दोपहर 2 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 7 बजे यलहंका पहुंचेगी।
बिलासपुर से रवाना होने के बाद ट्रेन भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, गोंदिया, वडसा, चांदाफोर्ट, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचिर्याल, काजीपेट, चर्लपल्ली, सिकंदराबाद, लिंगमपल्ली, विकाराबाद, तांडूर, यादगीर, कृष्णा जंक्शन, रायचूर, मंत्रालयम रोड, गुंतकल, गुत्ती, अनंतपुर और धर्मवरम होते हुए यलहंका पहुंचेगी।
गुरुवार को यलहंका से वापसी
गाड़ी संख्या 18262 यलहंका–बिलासपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस 27 अगस्त 2026 से प्रत्येक गुरुवार को रात 9:30 बजे यलहंका से रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन धर्मवरम, अनंतपुर, गुत्ती, गुंतकल, मंत्रालयम रोड, रायचूर, कृष्णा जंक्शन, यादगीर, तांडूर, विकाराबाद, लिंगमपल्ली, सिकंदराबाद, चर्लपल्ली, काजीपेट, मंचिर्याल, सिरपुर कागजनगर, बल्लारशाह, चांदाफोर्ट, वडसा, गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव और दुर्ग होते हुए रायपुर पहुंचेगी।
इसके बाद भाटापारा में सुबह 2:05 बजे पहुंचकर 2:07 बजे रवाना होगी और सुबह 3:30 बजे बिलासपुर पहुंचेगी।
यात्रियों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
नियमित साप्ताहिक परिचालन शुरू होने से बिलासपुर और बेंगलुरु के बीच सीधे रेल सफर का विकल्प मजबूत हुआ है। इससे दक्षिण भारत में पढ़ाई, नौकरी, कारोबार और अन्य कार्यों के लिए आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़


