बिलासपुर (सीपत)। ग्रामीण अंचल के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थियों के डॉक्टर और इंजीनियर बनने के सपने को अब नई उड़ान मिलेगी। एनटीपीसी सीपत ने अपने सामाजिक सरोकार (CSR) के तहत ‘संकल्प’ निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। इसके तहत कक्षा 11वीं और 12वीं के चयनित 100 विद्यार्थियों को JEE और NEET जैसी प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी कराई जाएगी।
कलेक्टर और एसएसपी रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि एसएसपी एवं डीआईजी रजनेश सिंह तथा अध्यक्षता एनटीपीसी सीपत परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने की। कार्यक्रम में मानव संसाधन प्रमुख बी.बी. पात्रा सहित विशेषज्ञ फैकल्टी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
प्रवेश परीक्षा से हुआ प्रतिभाओं का चयन
‘संकल्प’ कार्यक्रम के लिए 10वीं और 11वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी। इसी परीक्षा के आधार पर शीर्ष 100 मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया गया है। 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए 50-50 छात्रों के दो अलग-अलग बैच बनाए गए हैं।
इस पहल में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीपत, शासकीय हाईस्कूल दर्राभाटा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजी तथा स्वामी आत्मानंद हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सीपत और पंधी के विद्यार्थी शामिल हैं।
सप्ताह में चार दिन होगी पढ़ाई
विशेषज्ञ फैकल्टी द्वारा विद्यार्थियों को सप्ताह में चार दिन प्रतिदिन तीन घंटे की गहन कोचिंग दी जाएगी। इसमें भौतिकी, रसायन, गणित और जीव विज्ञान जैसे विषयों की प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप तैयारी कराई जाएगी। विद्यार्थियों को स्टडी प्लान के साथ अनुशासन और नियमित अध्ययन के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया।
संसाधनों की कमी सफलता में बाधा नहीं : कलेक्टर
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि संसाधनों की कमी कभी प्रतिभा और सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का पूरा लाभ उठाने और भविष्य में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
ग्रामीण बच्चों के लिए मील का पत्थर : एसएसपी
एसएसपी एवं डीआईजी रजनेश सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को घर के पास उच्च स्तरीय कोचिंग मिलना मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने ‘संकल्प’ को एक अनुकरणीय सामाजिक पहल बताया।
डॉक्टर-इंजीनियर बनने का सपना होगा साकार
एनटीपीसी सीपत परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने कहा कि एनटीपीसी की भूमिका केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है। ‘संकल्प’ के माध्यम से सीपत अंचल की प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यहां से भविष्य के बेहतरीन डॉक्टर और इंजीनियर निकल सकें।
यह पहल ग्रामीण विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़


