भोजली महोत्सव 29 अगस्त को पचरीघाट में, लोक संस्कृति की दिखेगी रंगारंग झलक

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपरा और भोजली पर्व की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मां बिलासा लोक संस्कृति एवं कला मंच, पचरीघाट, जूना बिलासपुर द्वारा 29 अगस्त को भोजली महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा।

दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक आयोजन

मंच के किशन लाल केंवट, शिवप्रताप साव, पार्षद आशीष गुप्ता, एल्डरमैन योगेश बोले और देवेंद्र पाठक ने बिलासपुर प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम पचरीघाट स्थित विसर्जन स्थल पर दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक आयोजित होगा। इस दौरान लोक संस्कृति और पारंपरिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां होंगी। साथ ही प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा।

भोजली समितियों और प्रतिभागियों के लिए प्रतियोगिता

महोत्सव में भोजली समितियों एवं प्रतिभागियों के लिए प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली समितियों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू होंगे मुख्य अतिथि

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू मुख्य अतिथि तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल अध्यक्ष के रूप में शामिल होंगे। नगर निगम की महापौर पूजा अशोक विधानी सहित सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े अन्य अतिथियों की भी उपस्थिति रहेगी।

महिला मंडल करेगी मां अरपा महाआरती

आयोजकों ने बताया कि भोजली पर्व छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। महोत्सव के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और लोक परंपराओं के संरक्षण का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान महिला मंडल द्वारा मां अरपा महाआरती भी की जाएगी।

परिवार सहित शामिल होने की अपील

आयोजन समिति ने शहरवासियों से परिवार सहित भोजली महोत्सव में शामिल होकर लोक संस्कृति के इस उत्सव का हिस्सा बनने की अपील की है।

अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article