झारसुगुड़ा। लाइकेरा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागृह में जिला प्रशासन की ओर से जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला मजिस्ट्रेट कुणाल मोतीराम चव्हाण ने पहुंचकर लोगों की विभिन्न समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में मामलों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
24 शिकायतें हुईं दर्ज
जनसुनवाई के दौरान कुल 24 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें 19 व्यक्तिगत और 5 सामूहिक शिकायतें शामिल थीं। लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, जमीन के मालिकाना हक से जुड़े विवाद, भूमि की पहचान, सड़क निर्माण एवं मरम्मत तथा विभिन्न निर्माण कार्यों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
जिला मजिस्ट्रेट ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय के भीतर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जरूरतमंदों को इलाज और आर्थिक सहायता
जनसुनवाई के दौरान दो ऐसे आवेदक भी सामने आए, जिन्हें उपचार और आर्थिक सहायता की आवश्यकता थी। प्रशासन की ओर से दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जरूरतमंदों की सहायता के लिए कुल 30 हजार रुपये की आर्थिक मदद स्वीकृत की गई।
इनमें एक लाभार्थी को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 हजार रुपये तथा दूसरे लाभार्थी को रेड क्रॉस फंड से 20 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई।
अधिकारी रहे मौजूद
जनसुनवाई शिविर में डिप्टी जिला मजिस्ट्रेट सब्यसाची पांडा सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।




