ATR के जोगीपुर जंगल में दर्दनाक हादसा: करिल बीनने गए युवक की बाघिन के हमले में मौत

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर/लोरमी। अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) से लगे तखतपुर क्षेत्र के जोगीपुर जंगल में वन्यजीव के हमले में एक ग्रामीण युवक की दर्दनाक मौत हो गई। ग्राम बांधा निवासी 25 वर्षीय धरमजीत घृतलहरे जंगल में करिल (बांस की कोपल) और पीहरी (मशरूम) बीनने गया था। इसी दौरान शावकों के साथ मौजूद मादा वन्यजीव ने उस पर हमला कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हमला बाघिन द्वारा किए जाने की आशंका है।

शावकों के करीब पहुंचने पर हुआ हमला

बताया जा रहा है कि धरमजीत बारिश के मौसम में वनोपज और खाद्य सामग्री एकत्र करने के लिए जंगल के भीतर गया था। इसी दौरान वह मादा वन्यजीव और उसके शावकों के करीब पहुंच गया। अपने शावकों की सुरक्षा को लेकर आक्रामक हुई मादा ने अचानक युवक पर हमला कर दिया। हमले में उसकी गर्दन पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

खोजबीन के बाद मिला शव

धरमजीत के काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर जूनापारा चौकी पुलिस और वन विभाग की टीम जंगल पहुंची। सर्च अभियान के दौरान जोगीपुर जंगल के घने हिस्से से युवक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए लोरमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।

आसपास के गांवों में दहशत

घटना के बाद बांधा, जोगीपुर सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ा दी है। वनकर्मियों द्वारा ट्रैप कैमरों और निगरानी दलों के माध्यम से वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

जंगल में प्रवेश नहीं करने की अपील

वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल में अकेले जाने, करिल-पिहरी बीनने और मवेशी चराने के लिए प्रभावित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने की सख्त हिदायत दी है। ग्रामीणों के बीच मुनादी कराकर सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। घटना के बाद वन अमला क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए है।

अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर
बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article