कपिस्दा। ग्राम पंचायत कपिस्दा के शासकीय माध्यमिक विद्यालय में सामाजिक कार्यकर्ता भागवत साहू ने स्कूली बच्चों को कॉपी और पेन का वितरण किया। नई कॉपी-पेन पाकर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी नजर आई। इस दौरान शिक्षा के महत्व और विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर भी चर्चा हुई।

तीन वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में कर रहे सहयोग
बताया गया कि भागवत साहू पिछले करीब तीन वर्षों से विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग करते आ रहे हैं। उनका कहना है कि आर्थिक या संसाधनों की कमी के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से वे लगातार विद्यार्थियों की मदद कर रहे हैं।

‘शिक्षा को बढ़ावा देना मेरा धर्म’
इस अवसर पर भागवत साहू ने कहा, “शिक्षा को बढ़ावा देना मेरा धर्म है, मैं हमेशा विद्यार्थियों के साथ हूं। शिक्षा को मैं पहली प्राथमिकता देता हूं, क्योंकि एक शिक्षित व्यक्ति ही अपने अधिकारों के लिए आगे आकर लड़ सकता है।”
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपनी ओर से शिक्षा के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग करते रहेंगे।
शिक्षकों और ग्रामीणों ने की सराहना
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण के अलावा ग्राम पंचायत के चंद्रशेखर इजारदार, परदेशी चौहान, याजेंद्र प्रसाद तिवारी, शंकर लाल पटेल और किशोर पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। शिक्षकों ने भागवत साहू के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं की ऐसी पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है।
ग्रामीणों ने भी कहा कि भागवत साहू लगातार शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे उनके प्रयासों से बच्चों को प्रोत्साहन मिल रहा है।


