गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा ढपनिपानी में शनिवार शाम तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बैगा दंपत्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना में मंगल सिंह (46) और उनकी पत्नी बृहस्पतिया बाई (43) की जान चली गई।
तेज रोशनी और जोरदार आवाज के बाद गिरे दंपत्ति
मिली जानकारी के अनुसार 22 अगस्त 2026 की शाम करीब 7 बजे क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से घर में तेज रोशनी और जोरदार आवाज हुई। बताया गया कि बृहस्पतिया बाई किसी काम से घर की परछी/बरामदे में निकली थीं, जबकि मंगल सिंह घर की दीवार के सहारे बैठे थे। बिजली गिरने के बाद दोनों गश खाकर गिर पड़े।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही चली गई जान
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल मदद के लिए डायल-108 को सूचना दी। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मरवाही ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
एक साथ दो मौतों से गांव में पसरा मातम
घटना के प्रत्यक्षदर्शी मंगल सिंह के भाई बुधराम और उनके बेटे ने घटना की जानकारी दी। एक ही परिवार में पति-पत्नी की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
आकाशीय बिजली की इस दर्दनाक घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मामले में स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


