सीतापुर में एक करोड़ की उठाईगिरी का आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार, 46 लाख के जेवर पहले ही बरामद

Advertisement
Advertisement

अंबिकापुर, 22 अगस्त 2026। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में ज्वेलरी व्यवसायी से करीब एक करोड़ रुपये के जेवरात से भरा बैग उठाने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को ओडिशा के गंजाम जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इससे पहले पुलिस करीब 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर चुकी है।

दुकान खोलते समय स्कूटी से बैग लेकर फरार हुए थे आरोपी

पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को सीतापुर निवासी ज्वेलरी व्यवसायी अरुणदेव सोनी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल सीतापुर के पास उनकी कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स दुकान है। सुबह करीब 11:30 बजे वह स्कूटी से ज्वेलरी का बैग लेकर दुकान पहुंचे थे। स्कूटी में बैग रखकर शटर खोलने के दौरान अज्ञात आरोपी बैग लेकर फरार हो गए थे। बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषणों की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई थी।

मामले में थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 296/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

500 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आरोपियों के संभावित रूट के करीब 500 CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में दो मोटरसाइकिलों पर चार संदिग्धों के बैग लेकर भागने की जानकारी सामने आई।

पुलिस ने आरोपियों के रूट को सरगुजा के गेरसा से लेकर जशपुर के कांसाबेल, कुनकुरी, सिंगीबहार और झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली, सिमडेगा होते हुए ओडिशा के सुंदरगढ़ समेत अन्य स्थानों तक ट्रैक किया।

ओडिशा में 10 दिन तक चला सर्च ऑपरेशन

CCTV फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की पहचान चंटी दास निवासी सोर्डा, गंजाम और दास नागेश्वर निवासी नारायणपुर, गंजाम, ओडिशा के रूप में की गई। इसके बाद साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम ने ओडिशा पुलिस के सहयोग से आरोपियों के संभावित ठिकानों पर करीब 10 दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया।

इस दौरान चंटी दास के घर की तलाशी में करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, जिसकी कीमत लगभग 43 लाख रुपये, और करीब 1.168 किलोग्राम चांदी के आभूषण, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये है, बरामद किए गए।

दास नागेश्वर गिरफ्तार, 10 हजार रुपये जब्त

लगातार तलाश के दौरान पुलिस ने गंजाम जिले से दास नागेश्वर (45 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित तरीके से उठाईगिरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपी की स्वीकारोक्ति के आधार पर प्रकरण में धारा 111(2) और 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।

आरोपी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार, आरोपी दास नागेश्वर के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में वर्ष 2021 के दौरान ओडिशा में उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम, चोरी और लूट से संबंधित मामले दर्ज पाए गए हैं। पुलिस ने उसे आदतन अपराधी प्रवृत्ति का बताया है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

घटना में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस टीम तकनीकी विश्लेषण और विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय के जरिए उनकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Advertisement
Share This Article