अंबिकापुर, 22 अगस्त 2026। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरगुजा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान करीब 1000 छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।

12 शिक्षण संस्थानों में पहुंची साइबर जागरूकता टीम
डीआईजी/एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा साइबर सेल के नोडल अधिकारी रितेश चौधरी के नेतृत्व में प्रथम सप्ताह के अभियान के तहत सरस्वती शिशु मंदिर अंबिकापुर, हाई स्कूल बाकिरमा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नर्मदापुर, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल सोहगा, सनराइज स्कूल, नवानगर स्कूल दरिमा, केशवपुर महाविद्यालय, डीएवी स्कूल भटको उदयपुर, केदारपुर हायर सेकेंडरी स्कूल अंबिकापुर, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लुण्ड्रा और मल्टीपरपज स्कूल अंबिकापुर में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

OTP, UPI और डिजिटल अरेस्ट से बचाव की दी जानकारी
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और नागरिकों को OTP, UPI एवं QR Code फ्रॉड, फर्जी लिंक, APK फाइल, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी प्रोफाइल, अनजान वीडियो कॉल, सेक्सटॉर्शन और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने लोगों को समझाया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान APK फाइल डाउनलोड करने से भी बचने की अपील की गई।
साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत
साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के महत्व के बारे में भी बताया गया। विद्यार्थियों एवं नागरिकों को राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई। पुलिस ने बताया कि ठगी के तुरंत बाद शिकायत करने से रकम को रोकने की संभावना बढ़ सकती है।

QR Code के साथ ली गई Selfie
अभियान के तहत “जागरूकता की एक Selfie” पहल भी चलाई गई। विद्यार्थियों और नागरिकों को जागरूकता QR Code के माध्यम से साइबर सुरक्षा अभियान से जुड़ने तथा साइबर अपराध से बचाव संबंधी संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतिभागियों ने QR Code के साथ Selfie लेकर अभियान में सहभागिता दर्ज कराई।
अधिकारियों और शिक्षकों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर अंबिकापुर की प्राचार्या मीरा साहू, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की प्राचार्या लीना थॉमस, केदारपुर हायर सेकेंडरी स्कूल की प्राचार्या रूमी घोष, नवा बिहान टीम के अजय तिवारी एवं मंगल पाण्डेय सहित उप निरीक्षक अभय तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष कुमार, आशी झा, अनुराग वर्मा, शिव कुमार ध्रुव, डिगेश्वर वर्मा, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और नागरिकों ने साइबर अपराधों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस एवं साइबर जागरूकता टीम ने समाधान किया। प्रतिभागियों ने स्वयं सतर्क रहने और परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाने के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया।
सरगुजा पुलिस का संदेश: सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। आपकी जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।




