बलरामपुर, 22 अगस्त 2026। जिले में अवैध मदिरा के परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में वाड्रफनगर वृत्त क्षेत्र में अन्य प्रांत की शराब के अवैध परिवहन के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
उत्तर प्रदेश और झारखंड की शराब बरामद
संयुक्त टीम ने ग्राम सिलाजु, थाना रामचंद्रपुर निवासी अर्जुन साव के कब्जे से उत्तर प्रदेश एवं झारखंड प्रांत की मदिरा बरामद की। कार्रवाई के दौरान 20 नग 8 पीएम व्हिस्की (प्रत्येक 375 एमएल), 6 नग रॉयल स्टैग (प्रत्येक 375 एमएल) और 12 नग किंगफिशर बीयर केन (प्रत्येक 500 एमएल) जब्त किए गए। कुल 15.75 बल्क लीटर विदेशी मदिरा बरामद हुई।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपी अर्जुन साव को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है।
सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ी
जिला प्रशासन के निर्देश पर अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम विशेष निगरानी रख रही है, ताकि दूसरे राज्यों से होने वाले अवैध मदिरा परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।




