गौरेला। सियाराम गैस एजेंसी की कथित मनमानी और कालाबाजारी को लेकर अब नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने जिला खाद्य अधिकारी को पत्र लिखकर एजेंसी के खिलाफ जांच कराने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
निर्धारित कीमत से अधिक राशि लेने का आरोप
नगर पालिका अध्यक्ष ने खाद्य अधिकारी को भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि सियाराम गैस एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूली जा रही है। इसके अलावा घर तक गैस सिलेंडर पहुंचाने के नियम का पालन नहीं करते हुए उपभोक्ताओं को गोदाम से ही सिलेंडर लेने के लिए मजबूर किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
बिना नंबर वालों से अतिरिक्त राशि लेने का आरोप
पत्र में आरोप लगाया गया है कि जिन उपभोक्ताओं का नंबर आ जाता है, उन्हें सिलेंडर के लिए 3 से 4 दिन तक एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ते हैं। वहीं, बिना नंबर वाले उपभोक्ताओं से कथित तौर पर 500 रुपये तक अतिरिक्त राशि लेकर तत्काल सिलेंडर उपलब्ध कराने का आरोप लगाया गया है।
नगर पालिका अध्यक्ष के मुताबिक, डीएसी नंबर आने के बाद एजेंसी के कर्मचारी उपभोक्ताओं से नंबर मांग लेते हैं और 2-3 दिन में होम डिलीवरी का आश्वासन देते हैं, लेकिन कई मामलों में 10 से 15 दिन तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं होती। शिकायत करने पर कथित तौर पर फोन काटने या अलग-अलग बहाने बनाने की बात भी पत्र में कही गई है।
सुशासन तिहार में भी शिकायत का दावा
मुकेश दुबे ने पत्र में दावा किया है कि गैस एजेंसी से संबंधित शिकायत सुशासन तिहार के दौरान भी की गई थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद खाद्य विभाग की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई नहीं होने से एजेंसी की मनमानी बढ़ने का आरोप लगाया गया है।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
नगर पालिका अध्यक्ष ने जिला खाद्य अधिकारी से मामले की गंभीरता से जांच कराकर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने और उपभोक्ताओं को राहत दिलाने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आम जनता के साथ सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी जिला खाद्य विभाग की होने की बात कही है।





