सूरजपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को सूरजपुर जिला मुख्यालय में आयोजित समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं और उन्होंने ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के सेक्टर करवां, परियोजना सिलफिली में पदस्थ पर्यवेक्षक सुनीति दुबे को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्हें विभागीय कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन के साथ पोषण ट्रैकर ऐप की नियमित मॉनिटरिंग एवं सही प्रविष्टि सुनिश्चित करने के लिए यह सम्मान दिया गया।
प्रशस्ति पत्र में जिला प्रशासन द्वारा उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की गई। स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय समारोह में सम्मान मिलने से सुनीति दुबे सहित विभागीय कर्मचारियों में उत्साह का माहौल रहा।
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से पहुंचाने में पर्यवेक्षकों एवं मैदानी अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। पोषण संबंधी योजनाओं की निगरानी, पोषण ट्रैकर में जानकारी का सही संधारण तथा विभागीय गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग जैसे कार्यों में बेहतर प्रदर्शन को लेकर सुनीति दुबे को मिले इस सम्मान की सराहना की गई।




