सूरजपुर में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, बोलेरो से 88 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद

Advertisement
Advertisement

सूरजपुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रेमनगर पुलिस ने बोलेरो वाहन से गांजा तस्करी करते आरोपी को पकड़ा है। पुलिस ने वाहन की तलाशी के दौरान 88 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 44 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की नाकेबंदी

पुलिस के मुताबिक प्रेमनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो वाहन में गांजा भरकर तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस को संदिग्ध बोलेरो वाहन दिखाई दिया।

पुलिस को देखकर भागने की कोशिश

पुलिस टीम को देखते ही बोलेरो चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्काल पीछा शुरू किया और ब्रम्हपुर के पास वाहन को रोक लिया। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई।

बोलेरो से 88 किलो 400 ग्राम गांजा जब्त

तलाशी के दौरान बोलेरो वाहन से 88 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त करने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन को भी कब्जे में ले लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

रायगढ़ से बचरापोड़ी ले जाया जा रहा था गांजा

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि गांजा रायगढ़ की ओर से लाया जा रहा था और बचरापोड़ी की ओर ले जाया जा रहा था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क में हड़कंप मचा है।

Advertisement
Share This Article