रिपोर्ट अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर छत्तीसगढ़
19 अगस्त 2026
बिलासपुर। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री राम गोपाल गर्ग ने 18 अगस्त 2026 को रेंज के साइबर थानों के नोडल अधिकारियों, साइबर थाना प्रभारियों और साइबर सेल प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, साइबर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण और पीड़ितों की ठगी की रकम जल्द वापस कराने को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
सभी थानों को साइबर पोर्टल पर रोजाना लॉगिन के निर्देश
आईजी ने साइबर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और एफआईआर की स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का बिना देरी निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल साइबर थाने ही नहीं, बल्कि रेंज के सभी सामान्य थानों को भी प्रतिदिन साइबर पोर्टल पर लॉगिन करना अनिवार्य होगा। पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को उसी दिन स्वीकार कर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
फर्जी SIM बेचने वाले POS एजेंटों पर FIR और गिरफ्तारी
बैठक में फर्जी अथवा संदिग्ध SIM एक्टिवेट करने वाले POS एजेंटों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। पुलिस मुख्यालय से प्राप्त म्यूल अकाउंट की सूचियों के आधार पर भी तत्काल कार्रवाई कर अनुपालन रिपोर्ट भेजने को कहा गया।
पीड़ितों को जल्द वापस मिलेगी होल्ड रकम
साइबर ठगी के मामलों में बैंकों द्वारा होल्ड की गई रकम पीड़ितों को जल्द वापस कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। आईजी ने धारा 106 और कोर्ट ऑर्डर की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। 15 दिन से अधिक पुराने बैंक होल्ड मामलों पर तत्काल कार्रवाई कर पीड़ितों की राशि जल्द वापस कराने को कहा गया।
साइबर ठगी में इस्तेमाल डिजिटल संसाधनों को कराया जाएगा ब्लॉक
साइबर अपराधों में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, IP एड्रेस, WhatsApp और Telegram अकाउंट्स को प्राथमिकता के आधार पर ब्लॉक कराने के निर्देश दिए गए। इसकी मासिक प्रगति रिपोर्ट उच्च कार्यालय को भेजने के लिए भी कहा गया।
‘समन्वय पोर्टल’ पर अपराधियों का पूरा डेटा होगा अपलोड
बैठक में गिरफ्तार साइबर अपराधियों का पूरा विवरण, फिंगरप्रिंट और FIR स्टेटस ‘समन्वय पोर्टल’ पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पंजीकृत साइबर वालंटियर्स का सत्यापन जल्द पूरा कर स्थानीय युवाओं को साइबर जागरूकता अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया।
आईजी ने शत-प्रतिशत पालन की दी हिदायत
आईजी राम गोपाल गर्ग ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकी पुलिसिंग के माध्यम से साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाए और सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे, उप पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शर्मा, रेंज साइबर थाना प्रभारी सहित साइबर थाना एवं साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


