रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां लगातार जारी हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने 18 अगस्त को उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।
कोरबा में 17 सेमी बारिश
सोमवार को प्रदेश में कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। कोरबा में 17 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के चलते कई नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है।
रायपुर के तापमान में गिरावट
बारिश और बादलों के कारण राजधानी रायपुर के अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को भी रायपुर में आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में हल्की फुहारें पड़ रही हैं।
28 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने रायपुर समेत प्रदेश के 28 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरी इलाकों के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रायपुर में आज भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को बारिश हो सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
लगातार बारिश और तापमान में गिरावट से राजधानीवासियों को फिलहाल उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।


