रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)
दिनांक: 17 अगस्त 2026
यात्रियों एवं वाहन मालिकों को मिलेगी सुविधाजनक, गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती वाहन वॉशिंग सुविधा
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने यात्रियों और वाहन मालिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नई पहल की है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के कार पार्किंग परिसर में ‘इकोग्रीन ऑटो केयर’ नाम से आधुनिक वॉशिंग सेंटर की सुविधा शुरू की गई है। इसका उद्देश्य रेलवे परिसर में यात्रियों को आधुनिक, सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का पहला वॉशिंग सेंटर
‘इकोग्रीन ऑटो केयर’ को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में शुरू किया गया पहला वॉशिंग सेंटर बताया गया है। यहां रेलवे स्टेशन आने वाले यात्रियों के साथ-साथ आम वाहन मालिक भी अपने वाहनों की वॉशिंग और क्लीनिंग करा सकेंगे।
सेंटर में कार, बाइक, स्कूटी, ऑटो सहित विभिन्न प्रकार के वाहनों की वॉशिंग बाजार की तुलना में किफायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी।
पार्किंग के साथ वॉशिंग की सुविधा
रेलवे स्टेशन के कार पार्किंग परिसर में ही वॉशिंग सेंटर शुरू होने से वाहन मालिकों को पार्किंग के साथ वाहन की साफ-सफाई और वॉशिंग की सुविधा एक ही स्थान पर मिल सकेगी। इससे यात्रियों और वाहन मालिकों के समय एवं श्रम की बचत होगी।
अब वाहन मालिकों को वाहन धुलवाने के लिए शहर में अलग से वॉशिंग सेंटर तलाशने की जरूरत नहीं होगी।
पंचर और मामूली रिपेयरिंग की सुविधा भी
‘इकोग्रीन ऑटो केयर’ में केवल वॉशिंग ही नहीं, बल्कि वाहनों से जुड़ी अन्य छोटी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां पंचर, मामूली रिपेयरिंग और छोटे स्पेयर पार्ट्स की सुविधा भी मिलेगी। इसके अलावा सीट कवर, हेलमेट जैसी वाहन उपयोगी सामग्री भी उपलब्ध रहेगी।
यात्रियों को एक ही परिसर में कई सुविधाएं
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि बिलासपुर स्टेशन पर ‘इकोग्रीन ऑटो केयर’ की शुरुआत यात्रियों और वाहन मालिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक अभिनव पहल है।
उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर में पार्किंग और वाहन वॉशिंग के साथ पंचर, मामूली रिपेयरिंग और सीट कवर एवं हेलमेट जैसे छोटे स्पेयर पार्ट्स की सुविधा मिलने से यात्रियों का समय और श्रम दोनों बचेंगे।
उन्होंने कहा कि रेलवे का प्रयास है कि स्टेशनों पर यात्रियों की आवश्यकता के अनुरूप आधुनिक, सुविधाजनक और किफायती सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जाएं। यह सुविधा रेलवे यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय वाहन मालिकों के लिए भी उपयोगी साबित होगी।




