अजाक थाना को शहीद वीर नारायण सिंह पुलिस पुरस्कार, डीएसपी डी.आर. टंडन को पुलिस महानिदेशक पुरस्कार
बिलासपुर, 17 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर बिलासपुर पुलिस को उत्कृष्ट कार्यों के लिए दो महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय पुलिस पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण मामलों में प्रभावी कार्रवाई, संवेदनशील कार्यप्रणाली और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर अजाक थाना बिलासपुर को शहीद वीर नारायण सिंह पुलिस पुरस्कार तथा उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) डी.आर. टंडन को पुलिस महानिदेशक पुरस्कार प्रदान किया गया।

कमजोर वर्गों की सुरक्षा में उत्कृष्ट कार्य
राज्य शासन द्वारा अनुसूचित जाति-जनजाति, महिलाओं, नाबालिग बच्चों तथा समाज के कमजोर वर्गों के खिलाफ होने वाले अत्याचार और उत्पीड़न की घटनाओं की रोकथाम एवं त्वरित वैधानिक कार्रवाई में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। वर्ष 2025 में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर बिलासपुर पुलिस को इस वर्ष दो महत्वपूर्ण सम्मान मिले हैं।
अजाक थाना को 50 हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अजाक थाना बिलासपुर को शहीद वीर नारायण सिंह पुलिस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कार के रूप में थाना को रनिंग शील्ड, 50 हजार रुपये नगद और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
यह सम्मान एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों में उत्कृष्ट विवेचना, संवेदनशील कार्यप्रणाली, त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में किए गए कार्यों के लिए दिया गया।
डीएसपी डी.आर. टंडन को मिला डीजीपी पुरस्कार
इसी क्रम में उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) डी.आर. टंडन को पुलिस महानिदेशक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये नगद और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
बिलासपुर पुलिस के अनुसार, इस उपलब्धि के बाद पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने अजाक थाना प्रभारी निरीक्षक उत्तम साहू सहित संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को 5 हजार रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
लगातार दूसरे वर्ष मिला शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार
बिलासपुर पुलिस के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि लगातार दूसरे वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिलासपुर पुलिस को शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। पुलिस ने इसे जिले में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण, संवेदनशीलता और टीमवर्क का परिणाम बताया है।
समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई पर जोर
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक एससी-एसटी अत्याचार से जुड़े मामलों में समयबद्ध कार्रवाई, वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष विवेचना, आरोपियों के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई तथा पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों को राज्य स्तर पर सम्मान मिला है।
सम्मान को बताया पूरे पुलिस परिवार का गौरव
इस उपलब्धि पर पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे बिलासपुर पुलिस परिवार के लिए गौरव का विषय बताया। अधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान पुलिस बल को और अधिक समर्पण, ईमानदारी एवं जनसेवा की भावना के साथ काम करने के लिए प्रेरित करेगा।
बिलासपुर पुलिस ने सम्मान को जिले की जनता के विश्वास और सहयोग का परिणाम बताते हुए भविष्य में भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा आम नागरिकों, विशेषकर कमजोर और वंचित वर्गों की सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने की बात कही है।
रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर, छत्तीसगढ़




