रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का बड़ा अभियान, मिठाई दुकानों पर होगी सघन जांच

Advertisement
Advertisement

“खाबो बने रहिबो 2.0” के तहत एक सप्ताह चलेगा अभियान, खोवा-पनीर की गुणवत्ता पर विशेष नजर

बिलासपुर, 17 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए “खाबो बने रहिबो 2.0” अभियान के तहत एक सप्ताह का सघन जांच अभियान शुरू किया है। अभियान के दौरान मिठाई एवं कन्फेक्शनरी विक्रेताओं के साथ खाद्य निर्माण फर्मों का निरीक्षण किया जाएगा। अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जिलेभर में सक्रिय हुईं जांच टीमें

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश एवं उप संचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के मार्गदर्शन में विभाग ने निरीक्षण टीमों को सक्रिय कर दिया है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में मिष्ठान प्रतिष्ठानों की जांच के लिए टीमों की तैनाती की जा रही है।

खोवा से लेकर पनीर तक होगी जांच

अभियान के दौरान मिठाई दुकानों में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया की जांच की जाएगी। विशेष रूप से मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले खोवा की गुणवत्ता और नकली खोवा के उपयोग पर नजर रखी जाएगी।

इसके अलावा मिठाई निर्माण में एनालॉग पनीर का इस्तेमाल तो नहीं किया जा रहा है, इसकी भी जांच की जाएगी। संदिग्ध खाद्य पदार्थ मिलने पर उनके नमूने लेकर नियमानुसार जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे।

अनियमितता मिली तो होगी वैधानिक कार्रवाई

विभागीय टीमों द्वारा दुकानों में खाद्य पदार्थों के क्रय-विक्रय से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जांच की जाएगी। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।

त्योहार के दौरान बड़ी मात्रा में मिठाइयों की बिक्री को देखते हुए विभाग का यह अभियान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दुकानों में सीसीटीवी लगाने के निर्देश

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दुकानदारों को सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए हैं। विभाग द्वारा प्रतिष्ठान संचालकों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

सुरक्षित खाद्य पदार्थों के लिए जागरूकता पर जोर

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और नियमों के पालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को भी सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article