बिलासपुर रेलवे स्टेशन में गूंजा देशभक्ति का संगीत, आरपीएफ बैंड ने दी शानदार प्रस्तुति

Advertisement
Advertisement

रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय
विशेष संवाददाता, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

दिनांक : 16 अगस्त 2026

बिलासपुर, 16 अगस्त 2026। वंदे मातरम् गीत की 150वीं वर्षगांठ एवं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर द्वारा 15 अगस्त की शाम बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ब्रास बैंड की भव्य प्रस्तुति आयोजित की गई। वीआईपी गेट नंबर-2 के सामने स्थित डोम परिसर में हुए इस कार्यक्रम ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

देशभक्ति गीतों से गूंजा रेलवे स्टेशन

सायं 6:45 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में रेलवे सुरक्षा बल की ब्रास बैंड टीम ने देशभक्ति से ओत-प्रोत लोकप्रिय गीतों और मधुर धुनों की शानदार प्रस्तुति दी। बैंड टीम ने ‘वंदे मातरम्’, ‘दिल दिया है जान भी देंगे’, ‘ऐ वतन ऐ वतन हमको तेरी कसम’, ‘कदम कदम बढ़ाए जा’, ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’, ‘आओ बच्चों तुम्हें दिखाएँ झांकी हिंदुस्तान की’, ‘ये देश है वीर जवानों का’ और ‘सारे जहाँ से अच्छा’ सहित अनेक देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।

राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान की प्रस्तुति हुई। इस दौरान पूरा रेलवे स्टेशन परिसर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रगौरव की भावना से गुंजायमान हो उठा। यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने आरपीएफ बैंड की प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया और कलाकारों की सराहना की।

रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा मीनाक्षी शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

इसके अलावा रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी, महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, उप महानिरीक्षक-सह-मुख्य सुरक्षा आयुक्त, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त सहित रेलवे सुरक्षा बल, शासकीय रेलवे पुलिस और रेलवे के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में यात्री और स्थानीय नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

व्यवस्थित रही सुरक्षा व्यवस्था

आरपीएफ बैंड की जोशीली प्रस्तुतियों से बिलासपुर रेलवे स्टेशन का वातावरण देशभक्ति और उत्साह से भर गया। कार्यक्रम के दौरान रेलवे परिसर में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रही। पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ।

Advertisement
Share This Article