रायगढ़ में हर्षोल्लास से मना स्वतंत्रता दिवस, 147 अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित

Advertisement
Advertisement

रायगढ़। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद परेड निरीक्षण, मार्चपास्ट, मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, शहीद परिवारों का सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान किया गया।

मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ा

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश पढ़ा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस मां भारती की वंदना और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान सपूतों को नमन करने का अवसर है। देश की एकता और अखंडता की गौरवशाली यात्रा से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है।

शहीद परिवारों का सम्मान

समारोह में देश की रक्षा के दौरान अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों के परिजनों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मानित परिवारों में शहीद लक्ष्मीनारायण राठिया, बीर सिंह श्रीवास, राघवराम ओझा, सुखसाय भगत, शिव कुमार सिदार, तनिकलाल पटेल, राजाराम एक्का, पंचराम भगत, गीताराम राठिया और शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के परिजन शामिल रहे।

देशभक्ति से सराबोर हुई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

मुख्य समारोह में छह विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर सामूहिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रदर्शन के आधार पर कार्मेल कॉन्वेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल ने प्रथम, सेंट जेवियर्स स्कूल ने द्वितीय और लिटिल एंजल स्कूल पुसौर ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता विद्यालयों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड प्रदान की गई।

147 अधिकारी-कर्मचारियों को मिला सम्मान

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट भूमिका निभाने वाले विभिन्न विभागों के 147 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सभी सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए जनसेवा के कार्यों को इसी समर्पण के साथ जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

परेड में छठवीं वाहिनी रही प्रथम

परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक अमित सिंह और सेकेंड इन कमांड सूबेदार प्रेमचंद के नेतृत्व में विभिन्न दलों ने शानदार मार्चपास्ट किया। पुलिस वर्ग में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 6वीं वाहिनी प्रथम, जिला महिला पुलिस बल द्वितीय और जिला पुलिस बल तृतीय रहा। गैर-पुलिस वर्ग में एनसीसी सीनियर डिवीजन प्रथम, एनसीसी सीनियर विंग द्वितीय और गर्ल्स गाइड तृतीय स्थान पर रहे।

साइबर जागृति अभियान का दिया संदेश

समारोह के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने साइबर जागृति अभियान के तहत सेल्फी लेकर नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से ओटीपी, एटीएम पिन, आधार नंबर और पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही अनजान APK लिंक पर क्लिक नहीं करने और अनजान WhatsApp वीडियो कॉल से सावधान रहने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि मोबाइल एप्लीकेशन केवल आधिकारिक Play Store या App Store से डाउनलोड करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

समारोह में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, डीएफओ अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे।

Advertisement
Share This Article