राह चलती महिला से छेड़खानी और जान से मारने की धमकी, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

रायगढ़, 13 अगस्त 2026। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने छेड़खानी और जान से मारने की धमकी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जेल दाखिल कराया गया।

रास्ते में महिला से की छेड़खानी

पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय पीड़िता ने 12 अगस्त को थाना चक्रधरनगर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला ने बताया कि 2 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने पति को भोजन देने जा रही थी। उसके साथ बच्चे भी थे।

इसी दौरान ग्राम एकताल निवासी उमेश और अभिषेक पीछे से आए और उसके साथ छेड़खानी करने लगे। किसी को घटना बताने पर दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इसी बीच पीड़िता का परिचित मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा, जिसे देखकर दोनों आरोपी मौके से भाग गए।

पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने पति और गांव के प्रमुख लोगों को दी। इसके बाद उनकी सलाह पर उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

FIR दर्ज कर पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

पीड़िता की रिपोर्ट पर चक्रधरनगर थाने में अपराध क्रमांक 304/2026, धारा 74, 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा ध्रुवे को पीड़िता से पूछताछ, FIR की कार्रवाई और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

घर पर दबिश देकर दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के घर पर दबिश दी, जहां दोनों मौजूद मिले। पुलिस उन्हें थाने लेकर आई और पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उमेश प्रधान (26), निवासी ग्राम एकताल स्कूलपारा और अभिषेक गोधिया (24), निवासी ग्राम एकताल बस्ती मंडलापारा को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल दाखिल कराया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में की गई। इसमें प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक मनीषा ध्रुवे तथा आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, जितेन्द्र कुर्रे और मिनकेतन पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisement
Share This Article