रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)
दिनांक : 12/08/2026
स्वतंत्रता दिवस के पूर्व रंगारंग आयोजन
बिलासपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को लेकर रिवर व्यू में देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में आरपीएफ के बैंड ग्रुप ने देशभक्ति गीतों की धुनों पर शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

‘वंदे मातरम’ से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
एसके पॉल की अगुवाई में आरपीएफ बैंड ग्रुप ने वाद्ययंत्रों के माध्यम से देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ गीत से हुई। इसके बाद ‘दिल दिया है, जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए’ और ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ जैसे देशभक्ति गीतों की धुनों ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। स्थानीय नागरिकों और छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

महापौर ने दिलाया राष्ट्रसेवा का संकल्प
महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने कहा कि तिरंगा उन स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने नागरिकों से तिरंगे का सम्मान करते हुए देश की एकता, अखंडता और गौरव बनाए रखने का संकल्प लेने की अपील की।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने राष्ट्रहित में योगदान की अपील की
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके संघर्ष से देश को आजादी मिली। हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्र और तिरंगे के प्रति सम्मान एवं जिम्मेदारी का संदेश देता है।
एसएसपी ने युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने कहा कि भारत की आजादी अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, साहस और बलिदान का परिणाम है। तिरंगा वीर शहीदों के सपनों तथा देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से महापुरुषों को अपना आदर्श मानने, कानून का पालन करने, मेहनत और लगन से अपना भविष्य बनाने तथा नशे से दूर रहने की अपील की।
जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में दें योगदान
जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीर सपूतों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। सभी नागरिकों को तिरंगे के सम्मान के साथ जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में एसडीएम श्री मनीष साहू, नगर निगम के अपर आयुक्त श्री खजांची कुम्हार, आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट श्री सैयद निहाल सहित अधिकारी-कर्मचारी, नागरिक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। आरपीएफ बैंड की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम को राष्ट्रप्रेम और उत्साह से भर दिया।


