रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)
दिनांक : 12 अगस्त 2026
स्वास्थ्य जांच शिविर में शामिल हुए डीजीपी
बिलासपुर। पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत बिलासपुर पुलिस द्वारा बिलासा गुड्डी स्थित चेतना सभा कक्ष में स्वास्थ्य जांच शिविर एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता को बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी बताया।
कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, संभाग आयुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिसकर्मियों और परिजनों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
स्वास्थ्य शिविर में अपोलो अस्पताल के वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं जिला चिकित्सा दल ने पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। विभिन्न बीमारियों की जांच के साथ चिकित्सकों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी।
डीजीपी अरुण देव गौतम ने शिविर का निरीक्षण कर चिकित्सकों से चर्चा की और पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में लगातार ड्यूटी करते हैं, इसलिए उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
मेधावी बच्चों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान डीजीपी ने पुलिस परिवार के उन मेधावी बच्चों को सम्मानित किया, जिन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक हासिल किए हैं। उन्होंने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता पूरे पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है।
समय पर जांच और उपचार जरूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीजीपी अरुण देव गौतम ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए स्वास्थ्य सबसे महत्वपूर्ण है। बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में ऐसे स्वास्थ्य जांच शिविर लगातार आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि पुलिसकर्मी और उनके परिवार बीमारी के प्रति जागरूक रहें और समय पर आवश्यक उपचार प्राप्त कर सकें।
डीजीपी ने रतनपुर थाना लिया गोद
पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डीजीपी अरुण देव गौतम ने बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना को गोद लेने की घोषणा की। इसके माध्यम से थाना स्तर की कार्यप्रणाली की सीधी निगरानी, पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने और आम जनता से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस दौरान डीजीपी ने नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को लेकर पुलिस अधिकारियों और जवानों का उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने कहा कि सच्ची निष्ठा, सही सोच और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ किया गया प्रत्येक प्रयास सफलता की ओर ले जाता है।
पुलिस लाइन का किया गहन निरीक्षण
स्वास्थ्य शिविर के बाद डीजीपी अरुण देव गौतम ने बिलासपुर पुलिस लाइन का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस लाइन की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।
उन्होंने अमर जवान स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि दी। डीजीपी ने शहीद जवानों के बलिदान को नमन करते हुए पुलिस सेवा में उनके योगदान को याद किया।
पुलिस लाइन अस्पताल और नवनिर्मित भवन का निरीक्षण
डीजीपी ने पुलिस लाइन अस्पताल का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने रक्षित केंद्र के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का जायजा लिया।
नवनिर्मित भवन की बेहतर व्यवस्था और निर्माण के लिए उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को शुभकामनाएं दीं।
अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने अधिकारियों को पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, जवानों की सुविधाओं का ध्यान रखने तथा आम जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



