कोरबा/पसान। पसान क्षेत्र में लगातार विद्युत कटौती, लो वोल्टेज और लाइन फॉल्ट की समस्या को लेकर ग्रामीणों की शिकायत के बाद बिजली विभाग (CSPDCL) ने लिखित जानकारी जारी कर स्थिति स्पष्ट की है। विभाग के AE/SD बायो द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए अस्थायी एवं स्थायी स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।

पसान क्षेत्र में विद्युत समस्या को लेकर आयोजित चक्का जाम आंदोलन की खास बात यह रही कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से किया गया। आंदोलन के दौरान शासन-प्रशासन के विरोध में किसी भी प्रकार का प्रदर्शन या अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन के समक्ष रखा। मौके पर पहुंचे पसान तहसीलदार की अगुवाई में प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा की, जिसके बाद चक्का जाम आंदोलन समाप्त किया गया।

विभाग ने बताया कि पसान फीडर में लाइन फॉल्ट सुधारने का कार्य शुरू कर दिया गया है। नारगा एवं पिपरिया क्षेत्र में अधिक लोड की समस्या को देखते हुए पलान एवं पिपरिया फीडर की लाइनों को अलग-अलग पावर ट्रांसफार्मर से जोड़ा गया है, जिससे विद्युत भार कम करने में मदद मिलेगी।

वहीं, क्षेत्र में कई स्थानों पर लगे 25 KVA के ट्रांसफार्मरों को 63 KVA में बदलने का प्रस्ताव तैयार कर उच्च कार्यालय को भेजा जा चुका है। विभाग के अनुसार स्वीकृति मिलते ही इन ट्रांसफार्मरों को बदला जाएगा।
स्थायी समाधान के लिए नई 11 KV लाइन का प्रस्ताव
बिजली समस्या के स्थायी समाधान के लिए बेरी से कुलकुल तक लगभग 3 किलोमीटर नई 11 KV विद्युत लाइन बिछाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। विभाग के अनुसार टेंडर एवं स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग एक वर्ष का समय लग सकता है।

विभाग ने ग्रामीणों को बताया है कि स्थायी व्यवस्था तैयार होने तक विद्युत आपूर्ति में सुधार के लिए आवश्यक अस्थायी कार्य लगातार जारी रहेंगे। अब ग्रामीणों की नजर विभाग द्वारा किए जा रहे सुधार कार्यों और प्रस्तावित नई विद्युत लाइन की स्वीकृति पर है।


