रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
दिनांक : 10 अगस्त 2026
शाम 6 से रात 12 बजे तक बढ़ाई गई चेकिंग, सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान
बिलासपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए बिलासपुर यातायात पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
2459 शराबी वाहन चालकों पर कार्रवाई
यातायात पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक शराब का सेवन कर नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 2459 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। सभी प्रकरण न्यायालय भेजे गए, जहां संबंधित वाहन चालकों पर अर्थदंड लगाया गया।
इसके अलावा बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जा रही है। ITMS के माध्यम से भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ऑनलाइन चालान किए जा रहे हैं।
1379 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित
यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लाइसेंस निलंबन एवं निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा रही है। यातायात पुलिस के अनुसार मात्र 7 माह में 1379 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत शराब पीकर वाहन चलाना, तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाना, रॉन्ग साइड वाहन चलाना, मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन चलाना तथा अन्य गंभीर यातायात उल्लंघनों में लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण का प्रावधान है।
शाम 6 से रात 12 बजे तक विशेष अभियान
यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा की गई। इसमें शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच सड़क दुर्घटनाओं की संख्या अधिक सामने आने के बाद इस समय विशेष चेकिंग अभियान को और तेज किया गया है।
इस दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर स्टॉपर और चेकिंग पॉइंट लगाकर तेज रफ्तार, रॉन्ग साइड, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निगरानी रखी जा रही है।
रॉन्ग साइड से लेकर मोबाइल उपयोग तक पर नजर
पुलिस द्वारा रॉन्ग साइड वाहन चालन, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाना, रेड लाइट का उल्लंघन, तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना, ट्रिपल सवारी, गलत नंबर प्लेट, स्टंटिंग, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेसर हॉर्न और हूटर के इस्तेमाल के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना तथा शराब या नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। वहीं हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करना हादसों में गंभीर चोट और मौत का कारण बन सकता है।
वाहन चालकों से यातायात नियमों के पालन की अपील
यातायात पुलिस बिलासपुर ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय धैर्य, संयम और सतर्कता बरतें। हमेशा हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें तथा रफ्तार और यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




