रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, जिला बिलासपुर, छत्तीसगढ़
दिनांक : 10 अगस्त 2026
28 स्थाई और 98 गिरफ्तारी वारंट की तामिली, 5 लंबे समय से फरार आरोपियों पर भी कार्रवाई
बिलासपुर। अपराध नियंत्रण, फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ तथा आदतन अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से बिलासपुर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ व्यापक कॉम्बिंग गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में वारंटियों और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई।
126 वारंटों की हुई तामिली
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान 28 स्थाई वारंट एवं 98 गिरफ्तारी वारंट, कुल 126 वारंटों की तामिली की गई। वहीं लंबे समय से फरार चल रहे 5 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रभावी दबिश कार्रवाई की गई।
गुंडा-बदमाशों की भी हुई सघन चेकिंग
पुलिस ने निगरानी सूची में दर्ज 43 गुंडा-बदमाशों की चेकिंग की। इनमें से 13 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उन्हें अपराध से दूर रहने की चेतावनी भी दी।
संपत्ति संबंधी अपराधियों और चाकूबाजों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों एवं चाकूबाजों की भी सघन जांच की गई। पुलिस द्वारा 5 व्यक्तियों की चेकिंग करते हुए 25 के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
अपराधियों को पुलिस की सख्त चेतावनी
बिलासपुर पुलिस ने कहा कि अपराधियों, वारंटियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे कानून का उल्लंघन करने से दूर रहें।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति, फरार आरोपी या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले एवं अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध बिलासपुर पुलिस द्वारा सख्त और निरंतर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




