₹24 हजार की शराब और ₹900 बिक्री रकम बरामद, आरोपी गिरफ्तार
जशपुर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पण्ड्रापाठ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गायबुडा स्कूलपारा में एक आरोपी के घर से 160 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से शराब बिक्री की ₹900 की रकम भी बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब ₹24 हजार बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर घर में दी दबिश
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को पण्ड्रापाठ पुलिस टीम सावन पूजा के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था ड्यूटी के लिए ग्राम गायबुडा कैलाशगुफा की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गायबुडा स्कूलपारा निवासी मोहन रवि अपने घर में हाथ भट्ठी से तैयार कच्ची महुआ शराब बनाकर बिक्री करता है और लोगों को बैठाकर शराब पिलाता है।
सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के घर पर विधिवत दबिश दी।
अलग-अलग जरीकेनों में मिली 160 लीटर शराब
तलाशी के दौरान पुलिस को अलग-अलग जरीकेनों में हाथ भट्ठी से निर्मित कुल 160 लीटर कच्ची महुआ शराब मिली। पुलिस ने मौके से शराब और बिक्री की रकम जब्त की।
जब्त शराब में 35 लीटर क्षमता वाले तीन जरीकेनों में 30-30 लीटर यानी 90 लीटर, 20 लीटर क्षमता वाले एक जरीकेन में 20 लीटर तथा 55 लीटर क्षमता वाले एक जरीकेन में 50 लीटर शराब बरामद हुई।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी से शराब रखने और बिक्री करने से संबंधित वैध दस्तावेज या अनुमति प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन उसके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने शराब और बिक्री की रकम को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर लिया।
आरोपी मोहन रवि पिता स्व. टिभुल रवि, उम्र 26 वर्ष, निवासी गायबुडा स्कूलपारा, चौकी पण्ड्रापाठ, थाना बगीचा, जिला जशपुर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 214/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में चौकी प्रभारी पण्ड्रापाठ उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी, पीएसआई माधुरी वर्मा, आरक्षक कुंदन नायक एवं महिला आरक्षक पूना मनी भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




