जन्मदिन के बहाने जुटेगा सियासी कुनबा,82वें जन्मोत्सव पर प्रदेशभर से पहुंचेंगे शुभचिंतक
रायगढ़। करीब 36 वर्षों तक सक्रिय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले वरिष्ठ नेता कृष्ण कुमार गुप्ता (केके गुप्ता)* के 82वें जन्मदिन को लेकर जिले से लेकर प्रदेश तक उत्साह का माहौल है। 9 अगस्त को होने वाले जन्मोत्सव को यादगार बनाने के लिए गुप्ता परिवार पिछले एक सप्ताह से तैयारियों में जुटा हुआ है।
ग्रामीण अंचलों में उनके पुराने साथियों,समर्थकों और शुभचिंतकों के बीच भी जन्मदिन को लेकर खासा उत्साह है।प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से राजनीतिक,सामाजिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों के समारोह में पहुंचने की संभावना है।सक्रिय राजनीति में भले ही के.के.गुप्ता का सफर अब पहले जैसा नहीं रहा हो,लेकिन जनसरोकारों और लोगों से उनका जुड़ाव आज भी कायम है।यही वजह है कि ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों तक उनके जन्मदिन को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
करीब चार दशक की सक्रिय राजनीति में केके गुप्ता ने जिले की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई।सहज व्यवहार,मिलनसार व्यक्तित्व और स्वच्छ छवि उनकी पहचान रही है। राजनीतिक सक्रियता के वर्षों बाद भी विभिन्न वर्गों के लोगों से उनका आत्मीय रिश्ता बना हुआ है।पुराने राजनीतिक साथी हों या ग्रामीण अंचल के शुभचिंतक,गुप्ता के साथ लोगों का जुड़ाव आज भी बरकरार है।
जन्मोत्सव की तैयारियों ने उनके पुराने राजनीतिक और सामाजिक रिश्तों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। ऐसे में 9 अगस्त का आयोजन जन्मदिन समारोह के साथ-साथ लंबे राजनीतिक सफर के दौरान बने रिश्तों के मिलन का अवसर भी बन सकता है।
के.के. गुप्ता के कनिष्ठ भ्राता एवं कांग्रेस नेता मुरारीलाल गुप्ता ने बताया कि बड़े भइया के जन्मोत्सव को लेकर पिछले एक सप्ताह से परिवार में विशेष उत्साह है। रिश्तेदारों,मित्रों,पुराने साथियों और शुभचिंतकों में भी आयोजन को लेकर भारी उल्लास है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लोग जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचेंगे।परिवार की ओर से सभी के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। एक तरफ जहां 36 साल की सियासत के बाद भी कायम जनसरोकार और रिश्तों की गर्माहट को बढ़ाने वाले आयोजन पर पूरे प्रदेश के सियासतदारों की नजर है,वहीं दूसरी तरफ के.के. गुप्ता का यह जन्मोत्सव उनके लंबे राजनीतिक सफर और लोगों से उनके आत्मीय जुड़ाव की तस्वीर भी पेश करेगा।




