Tamnar Diesel Chori Raigarh : रात के अंधेरे में ट्रकों से डीजल चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, तीन आरोपी दबोचे

Advertisement
Advertisement

रायगढ़। जिले के तमनार क्षेत्र में ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चोरी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार जब्त किए हैं। गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

ट्रेलर से 100 लीटर डीजल चोरी होने पर दर्ज हुआ मामला

तमनार निवासी गोपेश जायसवाल ने 4 अगस्त 2026 को थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई कि उनका ट्रेलर जेपीएल प्लांट गेट नंबर-2, सलिहाभांठा के पास खड़ा था। सुबह देखने पर डीजल टैंक का ढक्कन टूटा मिला और करीब 100 लीटर डीजल चोरी हो चुका था। शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपी गिरफ्तार

थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम भालूमुड़ा निवासी किशोर कुमार चौहान को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों फकीर यादव, खुलु उर्फ दुखभंजन देवता, कमलेश कुमार उरांव और कमल सिदार के साथ मिलकर ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपी ने बताया कि चोरी किया गया डीजल ग्राम मुड़ागांव निवासी दुर्गाचरण पटेल को 4,000 रुपये में बेच दिया गया था। पुलिस ने इसके बाद कमलेश कुमार उरांव और चोरी का डीजल खरीदने वाले दुर्गाचरण पटेल को भी गिरफ्तार कर लिया।

बोलेरो, डीजल और चोरी के औजार जब्त

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, पेचकस तथा नकदी बरामद की। जांच में सामने आया कि गिरोह रात के समय सुनसान स्थानों पर खड़े भारी वाहनों के डीजल टैंक तोड़कर डीजल चोरी करता था। यदि चालक मौजूद होता तो उसे धमकाकर मौके से भगा दिया जाता था।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य आरोपी फकीर यादव, खुलु उर्फ दुखभंजन देवता और कमल सिदार अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

एसएसपी का बयान

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ट्रकों, ट्रेलरों और अन्य भारी वाहनों को निशाना बनाने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वालों पर भी कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Share This Article