अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने नाबालिगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अंडरएज ड्राइविंग पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत यातायात पुलिस ने विक्टोरिया पब्लिक स्कूल पहुंचकर छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों और सुरक्षित वाहन संचालन की जानकारी दी।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य नाबालिगों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाना और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना है। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाने तथा स्कूल आने-जाने के लिए अधिकृत स्कूल वाहन या अभिभावकों के साथ आने की समझाइश दी।
पुलिस ने जिले के सभी स्कूलों के प्राचार्यों और प्रधान पाठकों से भी अपील की है कि वे बिना ड्राइविंग लाइसेंस दोपहिया वाहन चलाकर स्कूल आने वाले विद्यार्थियों को हतोत्साहित करें। ऐसे मामलों में विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की काउंसलिंग की जाएगी। सुधार नहीं होने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
सरगुजा पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें। पुलिस के अनुसार, सड़क सुरक्षा को लेकर यह जागरूकता अभियान आगामी दिनों में भी जिले के विभिन्न स्कूलों में लगातार जारी रहेगा।




