Pakistan Blast : शांति रैली में भीषण विस्फोट, 7 की मौत, 18 घायल, इलाके में हाई अलर्ट

इस्लामाबाद/स्वात। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार को एक शांति रैली के दौरान हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हो गए। यह घटना स्वात जिले के कबाल कस्बे में आयोजित स्वात अमन जिरगा (स्थानीय जनजातीय परिषद) की शांति रैली के दौरान हुई।

फिदायीन हमले की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विस्फोट फिदायीन (आत्मघाती) हमले जैसा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद पुलिस, सुरक्षा बल और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

इलाके की घेराबंदी, जांच जारी

धमाके के बाद पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है। पुलिस और कानून प्रवर्तन एजेंसियां विस्फोट के कारणों की जांच कर रही हैं। फिलहाल किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

पहले भी हो चुके हैं हमले

खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हाल के महीनों में हिंसक घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। इससे पहले 26 जुलाई को बाजौर जिले में हुए विस्फोट में 2 लोगों की मौत हुई थी।

क्यों अशांत है खैबर पख्तूनख्वा?

खैबर पख्तूनख्वा लंबे समय से उग्रवादी हिंसा, अफगानिस्तान सीमा से आतंकियों की आवाजाही और सुरक्षा बलों के साथ लगातार संघर्ष के कारण संवेदनशील क्षेत्र बना हुआ है। इसी वजह से यहां सुरक्षा चुनौतियां लगातार बनी हुई हैं।

Share This Article