Saraswati Cycle Yojana Pendra : सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, राकेश जालान ने किया साइकिल वितरण

पेण्ड्रा। शासकीय पारा विद्यालय, पेण्ड्रा में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद पेण्ड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान ने छात्राओं को साइकिलें सौंपते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षा के लिए सरकार की महत्वपूर्ण पहल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राकेश जालान ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने वाली महत्वपूर्ण योजना है। इससे दूर-दराज़ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी, समय की बचत होगी और उनकी पढ़ाई नियमित रूप से जारी रहेगी। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने परिवार और विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

विद्यालय का किया निरीक्षण

साइकिल वितरण कार्यक्रम के बाद नगर पालिका अध्यक्ष ने विद्यालय का निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

‘शिक्षित बेटी समाज की ताकत’

राकेश जालान ने कहा, “एक शिक्षित बेटी पूरे परिवार और समाज को आगे बढ़ाने की क्षमता रखती है। हमारी प्राथमिकता है कि क्षेत्र की प्रत्येक बेटी बिना किसी कठिनाई के शिक्षा प्राप्त करे। नगर पालिका परिषद पेण्ड्रा शिक्षा के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग और विद्यालयों के विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगी।”

जनप्रतिनिधि और शिक्षक रहे उपस्थित

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष शरद गुप्ता, वार्ड क्रमांक-3 की पार्षद सुनीता राठौर, विद्यालय की प्राचार्य जैन मैडम, अंसारी सर, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share This Article