ATM Breaking Rourkela : जरेइकेला बैंक ऑफ इंडिया एटीएम तोड़ने का मामला सुलझा, झारखंड का आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

राउरकेला। राउरकेला पुलिस ने बिसरा थाना क्षेत्र के जरेइकेला स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को क्षतिग्रस्त करने के मामले का खुलासा करते हुए झारखंड के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नकदी, लोहे की रॉड और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। राहत की बात यह रही कि एटीएम में रखी ₹21.44 लाख से अधिक की पूरी नकदी सुरक्षित मिली।

रात में एटीएम को पहुंचाया गया नुकसान

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को बैंक की कैश रिप्लेनिशमेंट एजेंसी (CRA) के कर्मचारी भास्कर घासी ने बिसरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि जरेइकेला स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को रात के समय अज्ञात बदमाश ने क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके पर पहुंचने पर एटीएम कक्ष का दरवाजा, छत और बिजली का बोर्ड टूटा हुआ मिला।

₹21.44 लाख की नकदी सुरक्षित मिली

जांच के दौरान एटीएम मशीन खोलने पर उसमें ₹21,44,800 की नकदी सुरक्षित मिली। इसमें ₹500, ₹200 और ₹100 के नोट शामिल थे। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने पुलिस को मामले की सूचना दी और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई।

झारखंड का आरोपी गिरफ्तार

पुलिस जांच के दौरान झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के महुलडीहा निवासी 22 वर्षीय सुवहम महतो को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से ₹8,300 नकद, एक लोहे की रॉड तथा दो कीपैड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

आठ आपराधिक मामले पहले से दर्ज

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ ओडिशा और झारखंड के विभिन्न थानों में चोरी, सेंधमारी और अन्य अपराधों के आठ पुराने मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है।

विशेष टीम ने की कार्रवाई

कार्रवाई को निरीक्षक एम.आर. कुंभार के नेतृत्व में एसआई पी.के. साहू, एएसआई आर.के. नायक, ओएपीएफ-31 डी. केरकेट्टा तथा एचजी-87 एम. महतो की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

Advertisement
Share This Article