रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को रायपुर के लाभांडी में छत्तीसगढ़ टेंट ओनर वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने एक्सपो का अवलोकन कर टेंट एवं डेकोरेशन से जुड़े आधुनिक उत्पादों, आकर्षक डिज़ाइनों और नई तकनीकों की सराहना की।
आधुनिक तकनीक और नवाचार की सराहना
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि टेंट व्यवसाय आज तेजी से विकसित होकर एक सशक्त उद्योग का रूप ले रहा है। नई थीम, आधुनिक डिज़ाइन और लगातार हो रहे नवाचार इस क्षेत्र को नई पहचान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कम समय में किसी भी स्थान का स्वरूप पूरी तरह बदल देना टेंट व्यवसायियों की रचनात्मकता और दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
उन्होंने कहा कि इस तरह के एक्सपो देशभर के टेंट व्यवसायियों को एक मंच प्रदान करते हैं, जहां वे अपने अनुभव साझा करने के साथ व्यापार के नए अवसर तलाश सकते हैं। ऐसे आयोजन टेंट उद्योग के विकास के साथ-साथ राज्य की आर्थिक गतिविधियों को भी गति देंगे।
बड़ी संख्या में पहुंचे व्यवसायी
कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, छत्तीसगढ़ टेंट ओनर वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी, देशभर से आए टेंट व्यवसायी एवं इस क्षेत्र से जुड़े लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री ने सफल आयोजन के लिए एसोसिएशन को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


