धरमजयगढ़/रायगढ़। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर विकासखंड धरमजयगढ़ के शासकीय हाईस्कूल चंद्रशेखरपुर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में आम एवं नीम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संकल्प लिया गया।
आम और नीम के पौधे लगाए गए
कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरुजनों के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करने का पर्व ही नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपने दायित्व निभाने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। इसी उद्देश्य से विद्यालय परिसर में छायादार और फलदार पौधों का रोपण किया गया।
विद्यार्थियों को किया जागरूक
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने लगाए गए पौधों के नियमित संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया। साथ ही विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया गया।
हरित भविष्य का लिया संकल्प
विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में स्वच्छ वातावरण, हरियाली और आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर बनेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।




