अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पुलिस लाइन अंबिकापुर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का आयोजन डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल के निर्देशन में किया गया, जिसमें साइबर वॉलंटियर्स और पुलिस मितान टीम ने छात्र-छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए उपाय
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन फ्रॉड, ओटीपी साझा न करने, हनी ट्रैप, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाएं, सोशल मीडिया धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग, फिशिंग लिंक, फर्जी कॉल एवं मैसेज तथा बैंकिंग फ्रॉड से बचने के उपाय विस्तार से बताए गए।
1930 हेल्पलाइन और साइबर पोर्टल की दी जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार होता है, तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करा सकता है। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत करने की प्रक्रिया समझाई गई।
छात्राओं को आत्मरक्षा के टिप्स
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए पेपर स्प्रे के सुरक्षित एवं आवश्यक उपयोग की जानकारी भी दी गई, ताकि वे आपात स्थिति में अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।
प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने पूछे सवाल
कार्यक्रम को संवादात्मक बनाने के लिए प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका टीम ने सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षक और पुलिस टीम रही उपस्थित
कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य विकास जोशी, विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी, साइबर वॉलंटियर्स एवं पुलिस मितान टीम के सदस्य उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।






